ईडी की विशेष अदालत में पेशी के बाद दो दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया, सात दिनों तक हुई पूछताछ
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने सुनवाई के बाद उसे 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। अब सौरभ चंद्राकर दो दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेगा।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने बुधवार को सौरभ चंद्राकर को विशेष अदालत में पेश किया था। इससे पहले ईडी की टीम ने उससे लगातार सात दिनों तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं और कथित सट्टा नेटवर्क को लेकर जानकारी जुटाई गई।
बताया जा रहा है कि ईडी की पूछताछ पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इससे पहले उसकी पेशी को लेकर यह भी चर्चा थी कि ईडी दोबारा कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। फिलहाल अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामला छत्तीसगढ़ सहित देशभर में चर्चित रहा है। इस मामले में जांच एजेंसियां कथित सट्टा कारोबार, वित्तीय लेन-देन और इससे जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
