प्रतापपुर में जुआ खिलवाने और जुआरियों से सांठगांठ के आरोप, एसपी ने की कार्रवाई
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुआ गतिविधियों को लेकर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने यह कार्रवाई प्रतापपुर क्षेत्र में जुआ खिलवाने और जुआरियों से कथित सांठगांठ के मामले में की है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस की कथित मिलीभगत से जुआ फड़ संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर में एक सुनसान मकान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 7 जुआरियों को पकड़ा और उनके कब्जे से करीब 99 हजार रुपये बरामद किए। विशेष टीम की इस कार्रवाई के बाद प्रतापपुर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जुआ गतिविधियों और जुआरियों से कथित सांठगांठ के मामले में थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की विभागीय जांच और कार्रवाई की जा रही है।
