** महापौर निधि से 30 लाख की लागत खर्च कर 6 ओपन जिम बनाने महापौर ने लिया निर्णय
कोरिया / चिरमिरी । नगर निगम नें अपने शहर के नागरिकों को स्वस्थ रखने हेतु उचित माहौल देने के दिशा में कारगर पहल प्रारम्भ किया है। जो आने वाले दिनों में लोगों को काफी पसंद आयेगा और लोग अपने घर के आस-पास ही खेल-खेल में परिजनों के साथ कसरत करने लगेंगे। इस दिशा में सार्थक क़दम उठाते हुए महापौर के. डोमरू रेड्डी के विशेष पहल पर बड़े शहरो की तर्ज पर अब कोयला नगरी चिरमिरी में भी ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होने जा रहा है। इसके लिए बुजूर्ग, महिलाएँ, बच्चों एवं खिलाड़ियों को व्यायाम करने हेतु आकर्षित करने वाले इस ओपन जिम के कान्सेप्ट को रायपुर में देखने के बाद चिरमिरी के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्थित पार्कों और ग्राउंडों में ओपन जिम बनाने की मंशा से नगर निगम ने योजना बनाई है, जिससे कि चिरमिरी के लोग मनोरंजन के साथ ही साथ अपने शारीरिक स्वास्थ को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए परिवार के साथ खुशनुमा माहौल में कसरत करते नजर आएंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए महापौर के. डोमरु रेड्डी ने बताया कि उन्होंने चिरमिरी के 6 सार्वजनिक पार्कों तथा खेल मैदानों में महापौर निधि से 30 लाख की लागत से ओपन जिम बनाने के लिए चिरमिरी नगर पालिक निगम के आयुक्त खजांची कुम्हार को निर्देश दे दिया है। अब जल्द ही इन 6 स्थानों पर 5-5 लाख की लागत से ओपन जिम बनाने का कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। इसके पहले चरण में कोरिया कालरी के बाजारपारा पार्क, गेल्हापानी नाका के पास स्थित ग्राउंड, हल्दीबाड़ी के एनसीपीएच हॉस्पिटल पार्क व हिरागिर ग्राऊण्ड, गोदरीपारा के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम व पुराना डिस्पेंसरी रोड में ओपन जिम बनाया जाना है।
