रायपुर / कोरिया जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने पर आज 14 मार्च को जारी आदेश के अनुसार शिक्षक सुरेन्द्र जायसवाल को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा श्री जायसवाल पर निर्वाचन संबंधी धाराओं के अंतर्गत प्रकरण भी दर्ज कराया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कोरिया द्वारा इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत साहू को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 13, 14 एवं 15 मार्च 2019 को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन-2019 अंतर्गत मतदान दलों का प्रशिक्षण सेन्ट जोसेफ इंग्लिस मीडियम स्कूल रामपुर, बैकुण्ठपुर में आयोजित किया गया था। 13 मार्च 2019 को प्रथम दिवस का प्रशिक्षण सवेरे 10.30 से शाम 4 बजे तक निर्धारित था। प्रशिक्षण स्थल पर ही विधानसभावार क्तल त्नद का कार्यवाही जिला निर्वाचन अधिकारी के निगरानी में की जा रही थी। क्तल त्नद की कार्यवाही प्रक्रियाधीन होने के दौरान ही शिक्षक श्री सुरेन्द्र जायसवाल उपस्थित हुआ और अभद्रतापूर्ण शैली में उसके द्वारा बात शुरू की गई और प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया गया। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उसे समाझाईश दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू को प्रेषित प्रतिवेदन के अनुसार संबंधित शिक्षक सुरेन्द्र जायसवाल द्वारा उत्पन्न व्यवधान पर परीक्षण करने पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि शिक्षक श्री जायसवाल का नाम 13 मार्च 2019 के प्रशिक्षणार्थियों की सूची में शामिल नहीं था। इसके बावजूद भी वह प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित हुआ और निर्वाचन के अति महत्वपूर्ण कार्यों में व्यवधान उत्पन्न किया। शिक्षक श्री जायसवाल अपने शाला में बगैर अनुमति लिए शाला से अनुपस्थित भी रहा और निर्वाचन प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बिना किसी आदेश के उपस्थित होकर प्रशिक्षणार्थियों को उकसाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त श्री जायसवाल द्वारा कई व्हाट्सअप ग्रुप में निर्वाचन प्रशिक्षण का विरोध करने की बात पोस्ट की गई थी।
