भगत सिंह के गांव में शपथ लेंगे भगवंत मान, AAP नेता बोले- अब सरकारी दफ्तर में नहीं लगेगी CM की तस्वीर
पंजाब में आम आदमी पार्टी पहली बार सरकार बनाने जा रही है और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित किए गए भगवंत मान ने ऐतिहासिक जीत के बाद कहा कि दुनिया के कोने-कोने में बसे पंजाबियों का धन्यवाद, जो आ भी नहीं पाए वो भी इस जंग का हिस्सा बने. विरोधी पार्टियों ने निजी हमले और टिप्पणियां की, आज मैं इस मंच से कहना चाहता हूं कि उनको ये शब्दावली मुबारक. आम आदमी पार्टी 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 85 से ज्यादा सीट पर बढ़त बनाए हुए है.
पंजाब में ऐतिहासिक जीत के बाद भगवंत मान ने कहा कि हम पब्लिक सर्वेंट हैं. हमें जनता की सेवा करना है, पहले पंजाब बड़ी-बड़ी जगहों से चल रहा था, अब गांव और खेतों से चलेगा. लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के कोने-कोने में बसे पंजाबियों का धन्यवाद, जो आ भी नहीं पाए वो भी इस जंग का हिस्सा बने. विरोधी पार्टियों ने निजी हमले और टिप्पणियां की, आज मैं इस मंच से कहना चाहता हूं कि उनको ये शब्दावली मुबारक. उन्होंने कहा कि हम सबसे पहले बेरोजगारी दूर करेंगे.
बंपर बहुमत के साथ जीत दर्ज करने जा रही आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने परिणाम पर कहा कि बेरोजगारी की हताशा में युवाओं के हाथ में नशे की गोलियां हैं, आप यूक्रेन में देख लो छोटे से देश में पढ़ने गए हैं, क्या ये सब हम यहां नहीं कर सकते? आप लोगों ने झाड़ू फेरकर अपना वादा निभा दिया, अब जिम्मेदारी निभाने की बारी मेरी है.
भगवंत मान ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जी का धन्यवाद कि उन्होंने शुगर होते हुए भी हमें इतना समय दिया. डॉक्टरों ने मना भी किया था.’ उन्होंने कहा, ‘एक और खुशखबरी देता हूं कि किसी सरकारी दफ्तरों में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं होगी. भगत सिंह और अंबेडकर की ही फोटो होगी. सबका धन्यवाद.’
इस बीच खबर है कि भगवंत मान शहीदे आजम सरदार भगत सिंह की जन्मभूमि गांव खटकरकलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. पंजाब में बंपर जीत हासिल करने पर AAP पार्टी के संयोजक और प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को बधाई दी है. अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को कॉल कर दी उनकी और पार्टी की जीत की बधाई.
इस बीच चुनाव आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पंजाब के अटारी से आम आदमी पार्टी के जसविंदर सिंह ने जीत दर्ज की है. उन्होंने अकाली दल के गुलजार सिंह को आसान मुकाबले में 19,794 वोट से मात दी है. जबकि खरार से र्टी के अनमोल गगन सिंह ने अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,885 वोट से हरा दिया है. वहीं पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रहे अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल भी लंबी से चुनाव हार गए हैं.
