Advertisement Carousel

शनिवार से कर्नाटक के दो दिनी दौरे पर मोदी, करेंगे 2 रोड शो और 6 सभाएं

कनार्टक विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ गईं हैं। इस क्रम में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्‍य में दो दिनी दौरा करने वाले हैं। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार वे शनिवार और रविवार को कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 6 जनसभाओं को संबोधित करेंगे और 2 जगहों पर रोड शो करेंगे। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 80 सांप्रदायिक दंगे हुए। चिकमंगलुरु में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 80 सांप्रदायिक दंगे हुए।

मोदी के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार वह शनिवार सुबह दिल्ली से विशेष विमान से बीदर हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरेंगे, जहां से वह हेलीकॉप्टर से बीदर जिले के हुमनाबाद जाएंगे और सुबह 11 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह विजयपुरा के लिए उड़ान भरेंगे जहां वह दोपहर एक बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा को संबोधित करने के बाद वह बेलगावी जिले के कुड़ाची जाएंगे जहां वह दोपहर करीब पौने दो बजे लोगों को संबोधित करेंगे। बाद में मोदी बेंगलुरु उत्तर में रोड शो करने के लिए उड़ान भरेंगे।

बेंगलुरु में रात्रि विश्राम के बाद वह रविवार सुबह राजभवन से कोलार के लिए रवाना होंगे, जहां वह सुबह 11.30 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री कोलार से रामनगर जिले के चन्नापटना के लिए रवाना होंगे और दोपहर डेढ़ बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मोदी हासन जिले के बेलूर जाएंगे जहां वह दोपहर तीन बजकर 45 मिनट पर लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का अगला गंतव्य उसी शाम मैसूरु होगा, जहां वह एक रोड शो करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह विशेष विमान से मैसूरु से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

error: Content is protected !!