Advertisement Carousel

धान टोकन न कटने से टूटे किसान ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर दी चेतावनी, 6 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया


जांजगीर-चांपा | नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम कसौंदी में शुक्रवार को धान टोकन न कटने से परेशान एक किसान ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। किसान की पहचान अनिल गढ़वाल के रूप में हुई है।


जानकारी के मुताबिक किसान ने एक किस्त में 28 क्विंटल धान खरीदी केंद्र में बेच दिया था, लेकिन शेष 29 क्विंटल धान का टोकन नहीं कटने से वह कई दिनों से संबंधित विभागों के चक्कर काट रहा था। बार-बार निराशा मिलने से मानसिक रूप से टूट चुके किसान ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। वहीं पुलिस और प्रशासन तत्काल हरकत में आए। मौके पर तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस अधिकारी पहुंचे और किसान से संवाद कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाइश शुरू की गई।


करीब 6 घंटे तक चले रेस्क्यू और समझाइश अभियान के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने किसान को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य जांच भी कराई गई।


यह मामला जांजगीर सीटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसौंदी का है। प्रशासन ने किसान को आश्वासन दिया है कि उसके शेष धान का टोकन शीघ्र काटा जाएगा और समस्या का समाधान किया जाएगा।

error: Content is protected !!