जगदलपुर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान वे छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। यह कार्यक्रम शहर के लालबाग मैदान में आयोजित होगा।
राष्ट्रपति महोत्सव स्थल पर लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण करेंगी, जहाँ वे बस्तर की पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कलाओं, लोकवेशभूषा एवं स्थानीय उत्पादों का अवलोकन करेंगी। इस दौरान वे कलाकारों और शिल्पकारों से संवाद करेंगी तथा विशिष्ट अतिथियों के साथ समूह छायाचित्रण भी होगा।
इसके पश्चात राष्ट्रपति मुख्य समारोह में भाग लेंगी। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी तथा दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। संस्कृति मंत्री स्वागत भाषण देंगे, मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया जाएगा तथा ‘बस्तर पंडुम’ पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
समारोह के दौरान बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति पर आधारित पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी। इसके पश्चात वे जगदलपुर से रायपुर होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
