Advertisement Carousel

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 17 लाख नकद के साथ 4 गिरफ्तार


रायपुर।
राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और दर्जनों एटीएम, क्रेडिट व डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 19.70 लाख रुपये आंकी गई है।


पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर सट्टा चला रहे थे। वे ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराते थे और कमीशन के आधार पर अवैध मुनाफा कमा रहे थे। रकम के लेन-देन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिनके खाताधारकों की पहचान कर आगे गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।


वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के तीन मामलों में 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और कुल 1 करोड़ 92 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जप्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल की सतत मॉनिटरिंग में की गई।


गिरफ्तार आरोपियों में ओम खेमानी और दीपक सचदेवा पहले भी सट्टे के मामलों में जेल जा चुके हैं, इसके बावजूद वे दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय पाए गए।


चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 44/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 112(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!