Advertisement Carousel

राज्य अल्पसंख्यक आयोग में एसजीपीसी अध्यक्ष का स्वागत, सामाजिक समरसता पर हुआ मंथन


रायपुर। सिक्ख समाज की सर्वोच्च संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय, रायपुर पहुंचे। उनके साथ धर्म प्रचार कमेटी अमृतसर के बलविंदर सिंह कालरा एवं ओएसडी अमृतसर सतबीर सिंह भी उपस्थित रहे।


राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा स्मृति स्वरूप श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), अमृतसर की सुंदर प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया।


कार्यक्रम में समाजसेवी एवं छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, जी.एस. भामरा, जगजीत सिंह खनूजा सहित समाज के कई प्रमुखजन मौजूद रहे।


इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने छत्तीसगढ़ में सिख समाज की गतिविधियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों और राजधानी रायपुर में निकाली गई भव्य वीर बाल रैली की जानकारी भी साझा की गई।


बैठक में “हुनर का लंगर” के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास और स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।


इस दौरान राष्ट्रीय खेल गतका में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों—राजवीर सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों—को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मनतृप्त कौर संधू का भी अभिनंदन किया गया।


यह सम्मान समारोह सामाजिक समरसता, सहयोग और सिख समाज की उन्नति के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने भविष्य में भी अल्पसंख्यक समुदाय के सम्माननीय जनों का इसी प्रकार सम्मान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!