Advertisement Carousel

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा का औचक निरीक्षण, रायपुर तहसील कार्यालय में मचा हड़कंप


डायवर्सन मामलों में देरी पर SDM को लगाई फटकार, लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश


रायपुर में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने तहसील कार्यालय और नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और त्रुटि सुधार जैसे मामलों के निराकरण में हो रही देरी पर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। खासतौर पर डायवर्सन मामलों की धीमी प्रक्रिया को लेकर SDM रायपुर को जमकर फटकार लगाई गई।


मंत्री ने कार्यालय परिसर में फैली गंदगी और फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव पर भी असंतोष जताया। उन्होंने साफ-सफाई बेहतर करने, दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने और आम लोगों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भुइयां शाखा, कानूनगो शाखा, WBN शाखा और मालजमादार शाखा सहित तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राजस्व अदालतों में नियमित सुनवाई होनी चाहिए ताकि जनता को तारीख पर तारीख न मिलती रहे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि तहसील में कुल 65,390 प्रकरण दर्ज हुए थे, जिनमें से 64,702 का निराकरण हो चुका है और फिलहाल 688 मामले लंबित हैं। इस पर मंत्री ने सभी लंबित मामलों को तय समय-सीमा में शून्य करने का लक्ष्य दिया।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आम लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने संभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचकर सभी जिलों में राजस्व कार्यों की प्रगति का रोडमैप तैयार करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!