प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को बताया सेवा, सुशासन और जनकल्याण का मॉडल, बस्तर से लेकर गांव-गरीब तक योजनाओं की पहुंच का किया उल्लेख
रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने “प्रधान सेवक” के रूप में सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को धरातल पर उतारते हुए देश को विकास और आत्मविश्वास के नए युग में पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की सोच और कार्यशैली को बदलते हुए विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आज देशभर में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विकसित भारत @2047 का संकल्प अब जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई धारा बह रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाओं और शासकीय योजनाओं की पहुंच दूरस्थ अंचलों तक सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, मातृशक्ति, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया संचार किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की नीति और कार्यशैली का आधार बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
