Advertisement Carousel

बेमेतरा अव्यवस्था पर बोले मुख्यमंत्री साय, कहा- तेज बारिश से बिगड़ी व्यवस्था, कमिश्नर करेंगे जांच

रायपुर। बेमेतरा में आयोजित “मुख्यमंत्री कन्या विवाह” समारोह के दौरान हुई अव्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समारोह में 23 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ था और बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने भी एक सामान्य परिवार की युवती से इसी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई और कार्यक्रम अस्त-व्यस्त हो गया। नवविवाहित 23 जोड़ों को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ।

साय ने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पुराने विश्राम गृह के बड़े सभा कक्ष का उपयोग किया गया। समय कम होने के कारण तत्काल निर्णय लेते हुए वहां कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उनकी सहमति से लिया गया था।

मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कहते हुए कहा कि इस संबंध में संभागीय आयुक्त (कमिश्नर) जांच करेंगे और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह तथ्य भी चर्चा में रहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद संभवतः यह पहला अवसर था, जब किसी विधायक ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में स्वयं दूल्हे के रूप में शामिल होकर विवाह किया।

विधायक दीपेश साहू की इस पहल को सामाजिक सहभागिता और योजना के प्रति जनविश्वास बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि समारोह के दौरान हुई अव्यवस्था ने कार्यक्रम की सकारात्मक चर्चा पर भी असर डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!