बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले तथा रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में टिकट निरीक्षकों, वाणिज्य विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्लेटफॉर्मों तथा ट्रेनों में सघन जांच की।
अभियान के दौरान कुल 20 ट्रेनों और स्टेशन परिसर की जांच की गई। कार्रवाई में 539 मामले सामने आए, जिनसे ₹3 लाख 63 हजार 575 का राजस्व प्राप्त हुआ।
जांच के दौरान 376 बिना टिकट यात्रियों से ₹2 लाख 80 हजार 780 का जुर्माना वसूला गया। वहीं 154 अनियमित टिकट मामलों में ₹81 हजार 895 की वसूली की गई। इसके अलावा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 9 मामलों में ₹900 का जुर्माना लगाया गया।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें।
