दंतेवाड़ा। किरंदुल स्थित एनएमडीसी के प्लांट में रविवार देर शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 12 फाइन ओर कैंप के पास कन्वेयर बेल्ट में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआत में करीब 50 मीटर बेल्ट आग की चपेट में थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटें फैलकर लगभग 200 मीटर बेल्ट तक पहुंच गईं।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग के चलते प्लांट का प्रोडक्शन रुक गया है। प्लांट की मशीनरी और सिक्योरिटी टीम सुबह तक उत्पादन फिर से शुरू करने के प्रयास में जुटी है।
