पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत कई वीआईपी थे सवार
रायपुर/नई दिल्ली। राजधानी रायपुर में खराब मौसम के चलते नई दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5138 की लैंडिंग नहीं हो सकी।
लगभग 40 मिनट तक विमान रायपुर के आसमान में चक्कर लगाता रहा और पायलट मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे। हालांकि, ईंधन की स्थिति को देखते हुए विमान को नागपुर एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
इस फ्लाइट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा विधायक रेणुका सिंह और भाजपा प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं यात्री सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रायपुर में मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को नागपुर की ओर मोड़ने का निर्णय लिया। फिलहाल सभी यात्री नागपुर एयरपोर्ट पर हैं। बताया जा रहा है कि मौसम सामान्य होने या वैकल्पिक व्यवस्था होने के बाद यात्रियों को रायपुर लाया जाएगा।
हालांकि, इस संबंध में एयरलाइन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
