Advertisement Carousel

रायपुर में फायर स्टेशनों की कमी का मुद्दा सदन में गूंजा, सुनील सोनी ने बढ़ाने की मांग उठाई


गृह मंत्री विजय शर्मा बोले— शहर में तीन फायर स्टेशन और 22 दमकल वाहन संचालित, संसाधन बढ़ाने पर जल्द होगी कार्रवाई


रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में राजधानी रायपुर में फायर स्टेशनों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने शहर की बढ़ती आबादी और लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं का हवाला देते हुए चारों दिशाओं में नए फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की।


प्रश्नकाल के दौरान सुनील सोनी ने कहा कि रायपुर की आबादी करीब नौ लाख है, जबकि राष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रत्येक दो लाख की आबादी पर एक फायर स्टेशन होना चाहिए। उन्होंने सरकार से पूछा कि नए फायर स्टेशनों का भूमिपूजन कब तक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते एक महीने में ही शहर में छह से अधिक बड़ी आगजनी की घटनाएं हुई हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ऐसे में अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।


जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि वर्तमान में रायपुर में टिकरापारा स्थित नगर निगम का फायर स्टेशन, एक अन्य फायर स्टेशन तथा नवा रायपुर में एक फायर स्टेशन सहित कुल तीन फायर स्टेशन संचालित हैं। शहर में 22 दमकल वाहनों के माध्यम से अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


मंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विभाग प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। अग्निशमन संसाधनों को बढ़ाने के लिए राजस्व विभाग के आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से आवश्यक खरीदी की प्रक्रिया प्रस्तावित है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कई संस्थानों की गंभीर लापरवाही सामने आई है और इस विषय पर जल्द बैठक कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!