94 खाद दुकानों और 21 पौध संरक्षण केंद्रों का निरीक्षण, अनियमितता पर नोटिस व बिक्री प्रतिबंध
रायपुर, 1 सितंबर 2026। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने उर्वरक और कीटनाशक विक्रय केंद्रों की जांच तेज कर दी है। खरीफ सीजन में अब तक 94 उर्वरक विक्रय केंद्रों और 21 पौध संरक्षण औषधि केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर 30 उर्वरक केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 5 केंद्रों में उर्वरक बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया। वहीं पौध संरक्षण औषधि केंद्रों में 8 को नोटिस जारी किए गए। बिना वैध दस्तावेज कीटनाशक बिक्री पाए जाने पर 3 केंद्रों में जब्ती और बिक्री प्रतिबंध की कार्रवाई की गई।
कृषि रसायनों की गुणवत्ता जांच के लिए उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं। विभाग ने किसानों को अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही खाद-कीटनाशक खरीदने तथा डोर-टू-डोर बिक्री से सावधान रहने की अपील की है। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
