कोरबा। जिले के कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक रैट स्नेक (धामन सांप) कोल्ड ड्रिंक के खाली कैन में फंसा हुआ मिला। सांप का सिर कैन में इस कदर जकड़ गया था कि वह बाहर नहीं निकल पा रहा था। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए, लेकिन कुछ ही देर में यह दहशत एक अनोखे रेस्क्यू ऑपरेशन में बदल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह रैट स्नेक करीब 5 फीट लंबा और पूरी तरह से गैर-जहरीला था। सांप संभवतः पानी पीने की कोशिश में गलती से कोल्ड ड्रिंक कैन में फंस गया था।
अविनाश यादव ने बिना किसी हड़बड़ी के बेहद सावधानीपूर्वक कैंची की मदद से कैन को काटा ताकि सांप को कोई चोट न पहुंचे। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद उसे पास के जंगल में खुले क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
टीम ने इस मौके पर लोगों से अपील की कि कोल्ड ड्रिंक कैन, प्लास्टिक की बोतलें या ऐसी कोई भी वस्तु खुले में न फेंके, क्योंकि यह वन्यजीवों की जान के लिए खतरा बन सकती हैं।
टीम अध्यक्ष अविनाश यादव ने कहा—
“एक छोटी सी लापरवाही किसी निर्दोष जीव की जान ले सकती है। पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति जिम्मेदारी दिखाना हर नागरिक का कर्तव्य है।”
कोरबा की इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि संवेदनशीलता और समझदारी से न सिर्फ इंसान बल्कि जीव-जंतुओं की भी जान बचाई जा सकती है।
