तीन दिन से तलाश में जुटी थी पुलिस, सिटी कोतवाली पुलिस ने दबोचा; एसएसपी रजनेश सिंह ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
बिलासपुर। शहर के खपरगंज में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, झड़प, पथराव और हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के मुख्य आरोपी सुहैल खान को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस पिछले तीन दिनों से सुहैल की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर बवाल और पथराव हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसी कार्रवाई के तहत सुहैल खान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने सुहैल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दे सकती है।
