गरियाबंद। जिले के गजपल्ला वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रायपुर से अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने आया था। वॉटरफॉल में नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। साथियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी। युवक को पानी से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। गरियाबंद जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और जलप्रपातों में बढ़ते जलस्तर व गहराई के बावजूद पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की चिंता सामने आई है।
