नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ अब देश के उभरते स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के साथ-साथ गोल्फ के बड़े केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में मंगलवार को ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को केवल फिल्मों में देखने या सुनने तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज छत्तीसगढ़ इतने बड़े प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। यह प्रदेश में तेजी से विकसित हो रही खेल संस्कृति का संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, सुविधाओं के विस्तार और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
साय ने कहा कि ऐसे आयोजनों का असर केवल खेल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे प्रदेश की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को देश-दुनिया के श्रेष्ठ खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
खेल अधोसंरचना को मिल रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को इसी उद्देश्य से बजट में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के आगे बढ़ने में संसाधनों और अवसरों की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के अनुरूप प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
खिलाड़ियों को बस्तर-सरगुजा आने का न्योता
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात सहित अन्य पर्यटन स्थलों और सरगुजा की प्राकृतिक खूबसूरती का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया।
हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव
पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और खिलाड़ियों को यहां मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य भी इसकी खास पहचान है। उनके मुताबिक आने वाले समय में जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं, उसी तरह छत्तीसगढ़ भी देश का प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन बन सकता है।
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर वातावरण और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आने की इच्छा रखते हैं। ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
