Advertisement Carousel

नए संगठनात्मक दायित्वों से भाजपा को मिलेगी नई गति : साय

रायपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा में छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों में नए संगठनात्मक दायित्व प्राप्त करने वाले वरिष्ठ पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता, अनुभवी नेतृत्व और संगठन के प्रति निष्ठा भाजपा की प्रमुख शक्ति रही है। नए दायित्व संभालने वाले नेताओं के अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन और अधिक मजबूत होगा।

शिवप्रकाश को पुनः छत्तीसगढ़ का प्रभार मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि शिवप्रकाश का छत्तीसगढ़ से पुराना और आत्मीय जुड़ाव रहा है। उनके अनुभव और कुशल मार्गदर्शन से प्रदेश संगठन को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाए जाने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनका व्यापक संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के साथ सहज समन्वय प्रदेश संगठन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उनके मार्गदर्शन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के प्रयासों को गति मिलेगी।

साय ने अजय जम्वाल को महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री तथा पवन साय को झारखंड में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल से वे संबंधित राज्यों में भी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!