भटगांव में नवनिर्मित मकान में छिपाकर रखा था पटाखों का जखीरा, 20 वर्षीय युवक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
धमतरी। त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रुद्री पुलिस ने भटगांव में दबिश देकर करीब एक लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। पटाखों का भंडारण बिना वैध लाइसेंस के किया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे जाने की सूचना पर रुद्री पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान मकान से कई कार्टून पटाखे बरामद किए गए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय शुभम देवांगन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
त्योहारी सीजन में पुलिस की निगरानी तेज
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के बीच अवैध भंडारण आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
