मुंगेली। जिले में सड़क किनारे खड़े तीन ग्रामीणों को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक पुन्नूलाल मोहले के चचेरे भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान बबलू बघेल और गंगाराम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जिला अस्पताल में विधायक पुन्नूलाल मोहले और उनके समर्थक मौजूद रहे।
जरहागांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
