किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
रायगढ़ में कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट समारोह में 80 लाख के सामुदायिक भवनों की घोषणा, प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया सम्मान
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
केलो परियोजना से किसानों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ क्षेत्र के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का काम शुरू किया गया है। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
नुआखाई कृषि संस्कृति का पर्व
मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नई फसल के स्वागत, किसानों के परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। ऐसी परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ती हैं।
प्रतिदिन बन रहे 1600 आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र जरूरतमंद परिवार पक्के घर से वंचित न रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ने तथा प्रदेश और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कोलता समाज की संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
