रायपुर। नवरात्रि और त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सात थानों में 85 स्थाई और गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन की कार्रवाई की गई। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 126 प्रकरणों में 170 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत सिटी कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में वारंटियों की धरपकड़ पर विशेष ध्यान दिया गया। इनमें 44 स्थाई और 41 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 170 बीएनएसएस में 58 प्रकरणों में 76 लोगों तथा धारा 126/135(3) बीएनएसएस में 68 प्रकरणों में 94 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत एक, आबकारी एक्ट के तहत तीन और एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने कहा कि गरबा, डांडिया और अन्य आयोजनों के दौरान निगरानी बढ़ाई गई है। नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
