Advertisement Carousel

बस्तर में शांति की नई सुबह शहीद जवानों के बलिदान का परिणाम : मुख्यमंत्री साय

‘शौर्यांजलि’ कार्यक्रम में 50 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान

रायपुर, 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर में शांति और सुरक्षा की नई सुबह हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। शहीद जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके सपनों का शांतिपूर्ण, सुरक्षित और विकसित बस्तर बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर में द हिन्दू फाउंडेशन, नागपुर द्वारा आयोजित ‘शौर्यांजलि : बस्तर के नायकों को समर्पित’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बस्तर में शांति और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले 50 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवानों ने केवल नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष नहीं किया, बल्कि अपने बलिदान से बस्तर की आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखी है। शहीद परिवारों की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार उनके हर सुख-दुख में साथ खड़ी है। शहीद परिवारों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि चार दशकों तक नक्सली हिंसा का दंश झेलने वाले बस्तर में अब सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। ‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन भी क्षेत्र की प्रतिभाओं और जनजातीय संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने द हिन्दू फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए संयोजक संदीप गुप्ता और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके सपनों का विकसित बस्तर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र सिंह दीवान सहित शहीद परिवारों के सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!