Advertisement Carousel

भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार, नगरीय विकास के कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर

कर्मवीर सिंह बोले- सभी नगरीय निकायों में जीत हासिल करना लक्ष्य, सांसद संतोष पांडेय ने कहा- छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्य ऐतिहासिक

रायपुर। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित आवश्यक बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरने की बात कही।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में जीत के लिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क पर ध्यान देना होगा।

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार है। छत्तीसगढ़ में नगरीय विकास के ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने इन कार्यों और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शहरों के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, क्रेडा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि कार्यकर्ता वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव में जीत और ट्रिपल इंजन की सरकार के माध्यम से विकास को गति देने की बात कही।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, संभाग प्रभारी, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी और पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!