Advertisement Carousel

मिठाइयों में कॉकरोच, ग्रेवी में गंदगी! रायपुर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 150 किलो मिठाई नष्ट

खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल खुद पहुंचे जांच करने, चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित; तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश

रायपुर, 17 अक्टूबर। त्योहारों के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में मिठाई दुकानों और ढाबे में साफ-सफाई की गंभीर खामियां मिलीं। कहीं मिठाइयों में कॉकरोच मिले, तो कहीं पनीर और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही सामने आई। हालात देखते हुए खाद्य विभाग के नियंत्रक आईएएस दीपक अग्रवाल खुद अधिकारियों की टीम के साथ जांच करने पहुंचे।

विभाग ने तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी तथा पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान करीब 150 किलो विभिन्न मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया। चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए।

कहीं मिठाइयों में कॉकरोच, कहीं भारी गंदगी

निरीक्षण के दौरान स्वीट हट एंड बेकरी की मिठाइयों में कॉकरोच मिलने की जानकारी सामने आई। जनता होटल में भारी गंदगी पाई गई। वहीं, मां अंबे स्वीट्स में पनीर ग्रेवी में कॉकरोच और फ्रीजर में बासी वेज बिरयानी मिलने की शिकायत भी सामने आई। डोसा बनाने के बैटर में भी गंदगी पाई गई। इन खामियों ने खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए।

नमूने जांच के लिए भेजे

खाद्य विभाग की टीम ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने की मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट में सामग्री अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई होगी। निरीक्षण दल में उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेन्द्र ध्रुव शामिल रहे। विभाग ने साफ किया कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!