कांकेर। जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में इलाज के नाम पर 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक 44 वर्षीय कथित वैद्य ने नाबालिग का कई बार यौन शोषण किया। पीड़िता करीब पांच माह की गर्भवती है। मामले में पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 65 और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे अंतागढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके करीब पांच माह की गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद मामला सामने आया और पुलिस ने जांच शुरू की।
इलाज के बहाने शोषण करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत अप्रैल महीने में हुई थी। उस दौरान नाबालिग की तबीयत खराब होने पर आरोपी ने जांच के नाम पर उसके गर्भाशय में समस्या होने की बात कही और उसे ताबीज दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने नशीली दवा देकर पीड़िता को बेहोश किया और इस दौरान कई बार उसका यौन शोषण किया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल
मामले की जानकारी मिलने के बाद ताड़ोकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
नाबालिग के साथ इलाज के नाम पर कथित तौर पर किए गए इस अपराध ने क्षेत्र में गंभीर चिंता पैदा कर दी है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
