मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और जिलाध्यक्ष श्याम नारंग की मौजूदगी में हुआ सदस्यता कार्यक्रम, भाजपा ने संगठन विस्तार का किया दावा
आरंग/रायपुर। आरंग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कांग्रेस नेत्री प्रीति मिश्रा और कांग्रेस नेता ललित मनहरे के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने पार्टी में प्रवेश किया। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय एम-3 में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और भाजपा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग मौजूद रहे।
भाजपा ने नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने को संगठन के विस्तार और आरंग विधानसभा क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। पार्टी की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार की विकास नीतियों से प्रभावित होकर लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।
विकास और जनसेवा को लेकर किया आह्वान
सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रहित, अंत्योदय और जनसेवा की विचारधारा से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं की भागीदारी से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास, जनकल्याण और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति के लिए काम कर रही है।
संगठन की मजबूती पर जोर
भाजपा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने भी संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में गुरु नसी साहेब, मंदिर हसौद मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा, समोदा मंडल अध्यक्ष भीम साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
