Advertisement Carousel

मेकाहारा में डॉक्टरों का कमाल! दिल की प्रमुख नसों से चिपकी कैंसर की गांठ का सफल ऑपरेशन

चार घंटे चली जटिल सर्जरी, कैंसर सर्जरी और हार्ट-चेस्ट सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने 60 वर्षीय मरीज को दी नई राहत

रायपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा), रायपुर के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर एक बड़ी चिकित्सा उपलब्धि हासिल की है। यहां 60 वर्षीय मरीज की छाती में हृदय के पास मौजूद कैंसरयुक्त गांठ को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। गांठ हृदय की प्रमुख रक्त वाहिकाओं, बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपकी हुई थी। कैंसर सर्जरी और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब चार घंटे तक ऑपरेशन कर मरीज को राहत दी।

मरीज छाती में दर्द और भारीपन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। जांच में उसे इनवेसिव थाइमोमा नामक कैंसर होने की पुष्टि हुई थी। सीटी स्कैन में छाती के अगले हिस्से में करीब 5 × 4.3 × 2.5 सेंटीमीटर की गांठ मिली। इसकी स्थिति बेहद संवेदनशील थी, क्योंकि यह महाधमनी और पल्मोनरी आर्टरी जैसी हृदय से जुड़ी प्रमुख रक्त वाहिकाओं के करीब थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. के.के. साहू ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन की योजना बनाई। सर्जरी के दौरान गांठ के साथ हृदय की झिल्ली के एक हिस्से और बाएं फेफड़े के कुछ हिस्से को भी निकालना पड़ा। ऑपरेशन में मरीज को दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सर्जरी सफल रही और मरीज की स्थिति स्थिर होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस जटिल ऑपरेशन में दोनों विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों और निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. संकल्प सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल के अनुसार मरीज अब सामान्य जीवन जी रहा है और नियमित फॉलोअप में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!