Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा झटका: अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, आज गृहग्राम भेंडरी में होगा अंतिम संस्कार

78 वर्ष की उम्र में हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में ली अंतिम सांस, मुख्यमंत्री सहित मंत्री और विधायक अंतिम यात्रा में होंगे शामिल; दुर्ग-भिलाई से लेकर प्रदेशभर में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन सहित दुर्ग-भिलाई और पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2008 में पहली बार विधानसभा पहुंचे, जबकि 2023 में दूसरी बार जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के अंतर से हराया था।

आज गृहग्राम भेंडरी में होगा अंतिम संस्कार

दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर शनिवार को बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक अंतर्गत उनके गृहग्राम भेंडरी लाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे तक पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की संभावना है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के मंत्री और विधायक अंतिम यात्रा में शामिल होंगे।

शिक्षक से विधायक तक का सफर

राजनीति में आने से पहले डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे चुके थे। वर्ष 2008 में पहली बार विधायक बनने के बाद उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2010 में छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। अक्टूबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

उनके निधन से भाजपा ने अपना एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि खो दिया है। अहिवारा से लेकर दुर्ग-भिलाई और उनके गृहग्राम भेंडरी तक शोक का माहौल है। शनिवार को राजकीय और राजनीतिक गरिमा के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!