राज्योत्सव के मंच से अमित शाह करेंगे 632.63 करोड़ रुपये का अंतरण, महिलाओं के खातों में सीधे पहुंचेगी राशि
रायपुर, 2 नवंबर 2026। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत बड़ी सौगात मिलने जा रही है। योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान जारी की जाएगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
राज्य शासन के अनुसार, इस चरण में कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और दीपावली की तैयारियों में मदद मिलेगी।
67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस किस्त के तहत ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को राशि प्रदान की जाएगी। वहीं नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा। इस प्रकार कुल 67,40,410 महिलाएं योजना के इस चरण में लाभान्वित होंगी।
33वीं किस्त के साथ सहायता का आंकड़ा 21,350 करोड़ रुपये के पार
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई थी।
राज्य शासन के मुताबिक, अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 33वीं किस्त जारी होने के बाद यह कुल राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।
हितग्राही महिलाएं भुगतान की स्थिति और योजना से संबंधित जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।
