Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में 1,703 पदों पर निकली भर्ती, 27 नवंबर तक करें आवेदन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को दिया रोजगार का अवसर, सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पद; 10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा

रायपुर, 5 नवंबर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत इन पदों पर पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, पंजीयक लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद तथा उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 पद शामिल हैं।

इसके अलावा शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

27 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी 2027 को होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लिखित भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में राहत

भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क को लेकर राहत दी गई है। परीक्षा में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क नियमानुसार उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया है।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक महत्वपूर्ण अवसर है। भर्ती से संबंधित पदों की विस्तृत जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य नियमों के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!