Advertisement Carousel

बिजली विभाग कार्यालय में दिवाली गिफ्ट के नाम पर शराब बांटने का आरोप, पुलिस ने बोतलें कीं जब्त

Oplus_16908288

कांग्रेस ने वीडियो जारी कर उठाए सवाल, कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो को पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस

कांकेर। दिवाली पर सरकारी कार्यालयों में मिठाई और उपहार बांटने की परंपरा के बीच कांकेर के बिजली विभाग कार्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दिवाली गिफ्ट के नाम पर कर्मचारियों और अधिकारियों को शराब की बोतलें बांटे जाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, धनतेरस के मौके पर विद्युत विभाग कार्यालय में शराब की बोतलें रखे जाने की जानकारी मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कार्यालय के भीतर महिला कर्मचारियों की मौजूदगी में टेबल के ऊपर और नीचे शराब की बोतलें रखी गई थीं और इन्हें दिवाली उपहार के नाम पर बांटा जा रहा था।

मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की बोतलों को जब्त कर लिया। पुलिस कार्यपालन अभियंता (ईई) एस.के. किंडो को पूछताछ के लिए थाने भी ले गई।

वहीं, कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो ने शराब की बोतलों के कार्यालय में आने की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें नहीं पता कि शराब कहां से आई। उन्होंने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले को बेबुनियाद बताया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय में शराब की बोतलें किसने और किस उद्देश्य से रखीं? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!