रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मिला राष्ट्रीय सम्मान, 11 नवंबर को विज्ञान भवन में होगा पुरस्कार समारोह
रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। खास बात यह है कि पिछले वर्ष भी तीनों नगरीय निकायों ने स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए थे। लगातार दूसरी बार सम्मान के लिए चयन प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था और जनभागीदारी की उपलब्धि को दर्शाता है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह बुधवार को सुबह 11:30 बजे से विज्ञान भवन में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में भाग लेंगे।
सफाई मित्रों की मेहनत ने दिलाया राष्ट्रीय गौरव
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का चयन प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस सफलता के पीछे नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यशैली, सफाई मित्रों की निरंतर मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अहम रही है। शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और जनजागरूकता बढ़ाने के प्रयासों ने इस उपलब्धि को मजबूत आधार दिया है।
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। थीम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का आंदोलन बनाना है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन यह संदेश देता है कि स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रयास और नागरिकों का सहयोग शहरों की पहचान बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
छत्तीसगढ़ के इन तीन शहरों को मिलने वाला सम्मान प्रदेश की स्वच्छता मुहिम को नई प्रेरणा देगा और अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर स्वच्छता व्यवस्था के लिए प्रोत्साहित करेगा।
