Advertisement Carousel

गुरुनानक जयंती पर अल्पसंख्यक आयोग की जनहितकारी पहल, 500 से अधिक लोगों ने कराया पंजीयन

एक ही शिविर में आयुष्मान, आधार और अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र की सुविधा, 100 से अधिक प्रमाण पत्र तत्काल वितरित

रायपुर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा और उल्लास के बीच छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने जनहितकारी पहल की। खालसा स्कूल में आयोजित गुरुनानक जयंती समारोह के दौरान आयोग ने विशेष शिविर लगाकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और दस्तावेजों से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन और पंजीयन कराया।

गुरुनानक जयंती के मुख्य आयोजन में हजारों की संख्या में संगत शामिल हुई। प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थों ने शबद कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को निहाल किया। इसी दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा लगाए गए शिविर में सुबह 10 बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी।

शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने तथा पंजीयन की सुविधा दी गई। आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करने वाले पात्र हितग्राहियों को अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर वितरित किए गए। साथ ही आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड से संबंधित प्रक्रियाएं भी पूरी कराई गईं।

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर जनहित से जुड़ी सेवाएं संगत और आम नागरिकों तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न प्रमाण पत्र और योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं मिलने से लोगों को काफी सहूलियत हुई। ऐसे शिविर प्रदेश के प्रत्येक शहर में आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

शिविर में अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, हितों और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तकों तथा साहित्य का भी वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोग और काउंसिल के सदस्यों ने लोगों को मार्गदर्शन देकर विभिन्न सेवाओं का लाभ दिलाने में सहायता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!