महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, समाज के सभी वर्गों से एकजुट होने की अपील
रायपुर, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका और सामाजिक संगठनों के साथ आम नागरिकों को भी सामूहिक प्रयास करना होगा। इन बुराइयों के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री रविवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा महिलाओं की गरिमा और भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। इनके उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता और सतर्कता जरूरी है।
साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने चेताया कि कई बार परिचित व्यक्ति ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसे मामलों में परिवार और समाज की सतर्कता महत्वपूर्ण है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं, जहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से भी महिलाओं को सहायता मिल रही है। महिला थानों, पुलिस थानों में हेल्प डेस्क और अभिव्यक्ति ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
आर्थिक सशक्तिकरण से बढ़ रहा आत्मविश्वास
साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता उनके आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। वहीं, प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब इसमें मिले सुझावों को धरातल पर लागू किया जाए और महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाए। उन्होंने सभी संस्थाओं और नागरिकों से इस दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
