जितेन्द्र खेतान पर नवजात बच्ची खरीदने का आरोप, दस्तावेज नहीं मिलने पर बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष किया गया पेश
रायपुर, 23 नवंबर। नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के गंभीर मामले में रायपुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना आजाद चौक पुलिस ने जितेन्द्र खेतान (36), निवासी आशियाना अपार्टमेंट, थाना कबीर नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पहले छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। नई गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज है। प्रकरण की विवेचना और पहले गिरफ्तार आरोपी कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था।
पूछताछ से मिले तथ्यों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र खेतान की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बच्ची को संरक्षण में रखा गया
पुलिस ने नवजात बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत कर विधिवत दस्तयाब किया। बच्ची की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए उसे मातृछाया में रखा गया है।
खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जांच
पुलिस के मुताबिक, विस्तृत पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र खेतान द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री किए जाने तथा इस गतिविधि को गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिए जाने संबंधी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस अब अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री, आरोपियों के आपसी संपर्क और पूरे नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
