Advertisement Carousel

सड़क निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदारों पर गिरेगी गाज, बैंक गारंटी राजसात और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

चार जिलों में PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल का औचक निरीक्षण, धीमे निर्माण कार्यों पर ठेकेदारों को नोटिस

रायपुर, 21 नवंबर। छत्तीसगढ़ में सड़क और भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में निर्माण एवं संधारण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क रखरखाव में लापरवाही और निर्माण कार्यों में देरी मिलने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों द्वारा संधारण कार्य में लापरवाही सामने आई। इस पर सचिव ने कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, कमलेश्वरपुर कॉलेज भवन और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने को कहा।

सूरजपुर में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग पर तत्काल डामरीकरण शुरू करने के निर्देश दिए गए। तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बलरामपुर जिले में 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नत राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का भी निरीक्षण किया गया।

सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निगरानी कर सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!