रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शनिवार को प्रदेशस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। नक्सल प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन की सुविधाएं पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में कई असंभव कार्यों को संभव कर दिखाया है। गुजरात के पुनर्निर्माण से लेकर देश के विकास तक उनके नेतृत्व में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी प्रधानमंत्री ‘संगठन सर्वोपरी’ की भावना का पालन करते हैं। कार्यकर्ताओं को उनके जीवन से सेवा और समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए।
राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा महाभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन, बच्चों के लिए ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ सहित 13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि इस बार सेवा पखवाड़ा व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी तक सेवा भावना पहुंचाना और समाज व राष्ट्र निर्माण में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।
कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
