Advertisement Carousel

धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन का छापा, चार प्रतिष्ठानों से 245.60 क्विंटल धान जब्त

नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई; 614 कट्टा धान पकड़ा, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

धमतरी, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही अवैध धान के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी कर 614 कट्टा यानी 245.60 क्विंटल धान जब्त किया है। जांच में भंडारण संबंधी अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने नगरी क्षेत्र के विभिन्न गोदामों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भंडारित धान की मात्रा और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच में निर्धारित नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने और भंडारण में अनियमितता सामने आने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बेलरगांव में भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा (32.40 क्विंटल) धान जब्त किया गया। गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल से 233 कट्टा (93.20 क्विंटल), सफीका धान कुटाई केंद्र से 140 कट्टा (56 क्विंटल) और गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज से 160 कट्टा (64 क्विंटल) धान जब्त किया गया। इस तरह चारों प्रतिष्ठानों से कुल 245.60 क्विंटल धान जब्त किया गया। जब्त धान को नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया है।

बिचौलियों पर प्रशासन की नजर

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। उपार्जन केंद्रों के साथ राइस मिलों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य अवैध रूप से संग्रहित धान को समर्थन मूल्य की खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिशों पर रोक लगाना और वास्तविक किसानों को सरकारी योजना का लाभ सुनिश्चित करना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण, अनधिकृत परिवहन या धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त जांच दलों की निगरानी और निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!