23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी लंबित ई-चालान होंगे शामिल, ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
रायपुर, 20 नवंबर। राजधानी रायपुर में वाहन चालकों को लंबित ट्रैफिक ई-चालान से राहत पाने का मौका मिलने जा रहा है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत में 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी लंबित ई-चालान प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए वाहन मालिकों को 8 दिसंबर 2026 तक पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी यातायात थाने अथवा यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंचकर पंजीयन कराएं। इसके लिए शहर में नौ स्थान निर्धारित किए गए हैं।
इनमें यातायात थाना तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाठागांव बस स्टैंड, टाटीबंध, भनपुरी, पंडरी पुराना बस स्टैंड, शारदा चौक, कालीबाड़ी और यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी शामिल हैं।
ऑनलाइन भी देख सकते हैं चालान की स्थिति
वाहन चालक और मालिक अपने लंबित ई-चालान की स्थिति परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर भी देख सकते हैं। इसके लिए वाहन नंबर अथवा चालान संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी।
ई-चालान पोर्टल: https://echallan.parivahan.nic.in/challan/challan-services
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराकर लोक अदालत के माध्यम से लंबित चालानों का निराकरण कराने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय पर चालान का भुगतान और निराकरण नहीं कराने पर संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों से लोक अदालत की इस सुविधा का लाभ उठाने और 8 दिसंबर तक पंजीयन पूरा कराने की अपील की है।
