राज्य दिवस समारोह में लोक संस्कृति और जनजातीय विरासत की धूम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले– राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हुए शामिल
नई दिल्ली, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद और चुनौतियों की पहचान से आगे बढ़कर अपनी समृद्ध संस्कृति, जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। इसकी शानदार झलक शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिली। यहां छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश की लोक कला, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक विरासत ने दर्शकों का मन मोह लिया।
राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के साथ औद्योगिक और निवेश संभावनाओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर अब देश-दुनिया के सामने आ रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत और विकास की नई संभावनाओं के लिए पहचाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौर, गौरा-गौरी, राउत नाचा, सुआ, पंथी, भोजली और करमा जैसे लोकनृत्य प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। पीढ़ियों से लोक कलाकारों ने इन परंपराओं को सहेजकर रखा है। ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
लोकनृत्यों ने बांधा समां
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा, जनजातीय आभूषणों और मांदर-ढोल की थाप पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को छत्तीसगढ़ी रंग में रंग दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं, ग्रामीण जीवन, लोक आस्था और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की जीवंत झलक देखने को मिली।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिखी स्थानीय उत्पादों की ताकत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की जानकारी ली। पवेलियन में बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा का कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी सराहना की।
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी विशेष आकर्षण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में अभिनव पहल है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
