Advertisement Carousel

चक्रवात से फसल बर्बादी पर किसानों को राहत देगी साय सरकार, सभी जिलों में सर्वे के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा– प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है सरकार, आरबीसी 6-4 और फसल बीमा योजना के तहत मिलेगी पात्र सहायता राशि

रायपुर, 20 नवंबर। अकवान चक्रवात के चलते फसलों को हुए नुकसान के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि नुकसान का आकलन कर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। फसल नुकसान का सर्वेक्षण कराकर राहत प्रदान करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों तक राहत पहुंचाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक संबल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!