लग्जरी होटल के किचन में मिली गंदगी, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और कॉकरोच; बिरयानी राइस का सैंपल जांच के लिए भेजा
कोरबा। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लग्जरी होटल हेरिटेज इन के किचन में छापेमारी के दौरान भारी गंदगी, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। विभाग ने होटल के किचन का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की है।
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने होटल से बिरयानी राइस का सैंपल जब्त कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा है। किचन में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की तैयारी की है।
वहीं, टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट में भी गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार और परोसी जाने की स्थिति सामने आई। इस पर विभाग ने रेस्टोरेंट को सात दिनों तक बंद रखने का नोटिस जारी किया है।
इसके अलावा साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
खाद्य विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले के होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करना है।
