अरुण साव ने नई दिल्ली में ग्रहण किए राज्य के दो राष्ट्रीय सम्मान, बड़े बचेली को पहला और दंतेवाड़ा-बिलासपुर को मिला दूसरा स्थान
रायपुर, 20 नवंबर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पूरे देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई। एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने देश में पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक संबल और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिले ये पुरस्कार बेहतर कार्यप्रणाली, नवाचार और समर्पित प्रयासों का परिणाम हैं। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।
समारोह में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर सहित बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ को मिले इन पांच राष्ट्रीय सम्मानों से शहरी आजीविका को मजबूत करने, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
