राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने राजनांदगांव दौरे के दौरान रेलवे द्वारा निर्मित ओवरब्रिज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण के तुरंत बाद ही बड़े-बड़े गड्ढे बन जाना बेहद चिंताजनक है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा, “यह गंभीर मामला है। पुल बना है और बनने के साथ ही इतना बड़ा गड्ढा आ गया। 50-50 फीट के गड्ढे हो गए हैं।” उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर सांसद ने भी चिंता जताई है और रेलवे के अधिकारियों से चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि रेलवे की पहचान हमेशा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों के लिए रही है और उसके बनाए पुल दशकों तक सुरक्षित रहते हैं। लेकिन पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि रेलवे के ठेकेदार द्वारा किए गए निर्माण पर इतने गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पुल का भविष्य और उसकी तकनीकी स्थिति का आकलन विशेषज्ञ करेंगे। हालांकि रेलवे की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रमन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
